Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)आंधी में घायल अमित को मिली आर्थिक सहायता:विधायक ने उठाया इलाज का...

आंधी में घायल अमित को मिली आर्थिक सहायता:विधायक ने उठाया इलाज का खर्च, सहायक उपकरण और आवास देने के निर्देश


श्रावस्ती में 13 मई को आई तेज आंधी में गंभीर रूप से घायल हुए 13 वर्षीय अमित गुप्ता और उसके परिवार को प्रशासन, रेडक्रॉस सोसाइटी तथा समाजसेवियों की ओर से बड़ी राहत प्रदान की गई है। शुक्रवार को विधायक श्रावस्ती रामफेरन पांडेय और रेडक्रॉस अध्यक्ष व जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने अमित के घर पहुंचकर उसकी विधवा मां से मुलाकात की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। विधायक रामफेरन पांडेय ने पीड़ित परिवार को 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने अमित के संपूर्ण इलाज का खर्च उठाने की भी घोषणा की। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर परिवार की हर संभव मदद की जा रही है, जिससे अमित जल्द स्वस्थ होकर सामान्य जीवन जी सके।
जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग ने जानकारी दी कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन टीम परिवार के संपर्क में थी। प्राथमिक उपचार से लेकर ऑपरेशन तक प्रशासन लगातार सहयोग करता रहा। अमित के घर लौटने पर रेडक्रॉस की ओर से उसे व्हीलचेयर, कमोड चेयर, वॉकर और छड़ी जैसे सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया के “राइजिंग बहराइच” समूह द्वारा एकत्रित 28 हजार रुपये की सहायता राशि भी परिवार को सौंपी गई। तहसील प्रशासन ने 11 हजार रुपये की अतिरिक्त मदद दी है, जबकि आपदा विभाग की ओर से 16 हजार रुपये की अहेतुक सहायता प्रदान किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। जिलाधिकारी ने पीड़ित की विधवा मां को आवास उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। नायब तहसीलदार विजय गुप्ता ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया था। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने जटिल ऑपरेशन कर उसके पैर में रॉड डाली। चिकित्सकों के अनुसार, अमित के पूरी तरह स्वस्थ होने में लगभग तीन महीने का समय लग सकता है। प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के संयुक्त सहयोग से पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में बड़ी राहत मिली है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments