गयाजी। बौद्ध धर्म की विश्वविख्यात तपोभूमि और मोक्ष स्थली बोधगया शनिवार को उस समय अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गई, जब म्यांमार के राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग अपने उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ पांच दिवसीय भारत यात्रा के तहत गयाजी पहुंचे।
शनिवार सुबह विशेष विमान से गयाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे राष्ट्रपति मिन आंग ह्लाइंग के स्वागत के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की बड़ी टीम पहले से मौजूद थी। औपचारिक स्वागत समारोह के बाद राष्ट्रपति का काफिला सुरक्षा घेरे में बोधगया के लिए रवाना हुआ। उनकी यात्रा को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर बोधगया तक सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।












