श्रावस्ती जनपद के इकौना विकासखंड स्थित नगर पंचायत इकौना के मोहल्ला गौतम नगर को जाने वाली सड़क जर्जर हो गई है। यह मार्ग गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुका है, जिससे आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। इस मार्ग पर अक्सर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को मामूली चोटें लग जाती हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह सड़क केंद्रीय प्राथमिक विद्यालय, काशीराम कॉलोनी और अस्पताल के डॉक्टरों की कॉलोनी को जोड़ती है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को, विशेषकर दैनिक कार्यों के लिए इकौना बाजार जाने वालों को, आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है। लोगों ने बताया कि बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है, जिससे यह मार्ग पूरी तरह से अनुपयोगी हो जाता है। स्थानीय निवासी डॉ. जेपी गौतम, राज प्रताप सिंह उर्फ शिवा, शेबू और सोनू सहित अन्य लोगों ने इस जर्जर सड़क के कारण किसी बड़े हादसे की आशंका जताई है। क्षेत्रीय लोगों ने शासन-प्रशासन से इस मार्ग पर जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि राहगीरों की समस्या का समाधान हो सके। मोहल्ला गौतम नगर के सभासद एहसान चौधरी ने भी बताया कि उन्होंने सड़क निर्माण के लिए शासन-प्रशासन से अनुरोध किया है।
इकौना के गौतम नगर की सड़क गड्ढों में तब्दील:स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और निवासियों को आवागमन में परेशानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












