श्रावस्ती जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस ने बीते 24 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई की है। जिले के सात थानों की पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर 29 वारंटियों को गिरफ्तार किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन में चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह के पर्यवेक्षण में सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग और दबिश अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत लंबे समय से फरार चल रहे वांछितों और वारंटियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाना था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों के विरुद्ध विभिन्न न्यायालयों, जिनमें फास्ट ट्रैक कोर्ट भी शामिल हैं, द्वारा वारंट जारी किए गए थे। ये वारंटी मारपीट, चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और डी.पी. एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित थे। थानावार गिरफ्तारियों का विवरण इस प्रकार है: थाना इकौना से 8, थाना सिरसिया से 4, थाना मल्हीपुर से 2, थाना हरदत्तनगर गिरंट से 2, थाना गिलौला से 7, थाना सोनवा से 4 और थाना नवीन मॉडर्न से 2 वारंटी पकड़े गए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी थानों को अपराधियों के खिलाफ लगातार, सख्त और प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। बीते रविवार को पुलिस कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक चन्द्रकेश सिंह की अध्यक्षता में एक कार्यशाला भी आयोजित की गई थी। इसमें विवेचकों को निर्देश दिए गए कि गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त को उसकी समझ की भाषा में लिखित रूप से गिरफ्तारी के कारण बताए जाएं और गिरफ्तारी मेमो में सभी तथ्यों को विधिसम्मत रूप से दर्ज किया जाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से फरार वारंटियों पर शिकंजा कसा है। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में शांति एवं व्यवस्था कायम रह सके और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
श्रावस्ती पुलिस का 24 घंटे में बड़ा एक्शन:सात थानों में एक साथ चला विशेष अभियान, 29 फरार वारंटी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












