श्रावस्ती में अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जमुनहा-बहराइच मार्ग पर सोनवा थाना क्षेत्र के चिचड़ी चौराहे के पास अवैध रूप से मिट्टी ले जा रहे एक डंपर को जब्त कर सीज कर दिया गया। यह कार्रवाई जमुनहा एसडीएम संजय रॉय के निर्देश पर की गई। नायब तहसीलदार अमरीश कुमार ने डंपर को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान चालक वैध खनन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद डंपर को सोनवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। सूचना मिलने पर खनन निरीक्षक विवेक कुमार भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। जांच पूरी होने के बाद वाहन को सोनवा थाने भेजा गया। सोनवा थाना प्रभारी निरीक्षक विष्णुदेव पांडे ने बताया कि अवैध खनन के इस मामले में डंपर को कब्जे में लेकर नियमानुसार सीज कर दिया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार अवैध खनन के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को अवैध खनन में लिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई को मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अवैध मिट्टी खनन में डंपर सीज:श्रावस्ती में प्रशासन की कार्रवाई, मुख्यमंत्री के निर्देश पर सख्ती
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












