#बस्ती_न्यूज
बस्ती में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दुबखरा स्थित राजेश्वरी मिश्रा जैविक कृषि प्रक्षेत्र में पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को समर्पित एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम भारत स्वाभिमान ट्रस्ट हरिद्वार इकाई, बस्ती के योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय के सानिध्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पतंजलि योग समिति बस्ती के महामंत्री डॉ. वीरेंद्र त्रिपाठी का जन्मदिवस वैदिक मंत्रोच्चार और यज्ञ के साथ मनाया गया। उपस्थित लोगों ने विशेष आहुतियां अर्पित कर उनके दीर्घायु जीवन की कामना की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वशिष्ठ नगर सेवा न्यास के सदस्य आदित्य दुबे को ओम प्रकाश आर्य ने वैदिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया। योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय ने प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक उपायों के समन्वय को आवश्यक बताया। उन्होंने यज्ञ को वायु शुद्धिकरण का प्राचीन वैज्ञानिक माध्यम बताते हुए कहा कि इसमें प्रयुक्त औषधियां, घृत, कपूर और वनस्पतियां वातावरण को शुद्ध करने में सहायक होती हैं। मुख्य वक्ता और भारत स्वाभिमान समिति बस्ती के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने पर्यावरण संरक्षण के लिए दस सूत्रीय संदेश दिया। उन्होंने प्रत्येक व्यक्ति से पौधरोपण, वर्षा जल संचयन, वन्यजीव संरक्षण और एकल-उपयोग प्लास्टिक का बहिष्कार करने का आह्वान किया। आर्य ने रासायनिक उर्वरकों के बजाय गोबर और केंचुआ खाद आधारित जैविक खेती अपनाने पर भी जोर दिया। आजीवन सदस्य राजेश श्रीवास्तव कैलाशी ने सौर और पवन ऊर्जा के उपयोग के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन और साइकिल को बढ़ावा देने की बात कही। डॉ. प्रवेश कुमार ने पर्यावरण जागरूकता अभियान में प्रशासन को सहयोग का आश्वासन दिया। डॉ. नवीन सिंह ने जानकारी दी कि इस वर्ष विश्व योग दिवस बड़े पैमाने पर मनाया जाएगा और इसके लिए योग शिक्षकों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। इस कार्यक्रम में डॉ. वी.के. श्रीवास्तव, सुभाष चंद्र आर्य, नवल किशोर चौधरी सहित कई गणमान्य नागरिक और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। अंत में सभी ने धरती को हरा-भरा और स्वस्थ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में विश्व पर्यावरण दिवस पर यज्ञ का आयोजन:विश्व योग दिवस की तैयारियों पर हुई चर्चा, वैदिक साहित्य भेंट कर सम्मानित किया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












