लखनऊ । उत्तर प्रदेश माध्यमिक तदर्थ शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष आसाराम वर्मा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त प्रभारी शिक्षा निदेशक प्रताप सिंह बघेल से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें नई जिम्मेदारी ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आसाराम वर्मा ने कहा कि प्रताप सिंह बघेल एक अनुभवी, कर्मठ एवं शिक्षा व्यवस्था की गहन समझ रखने वाले अधिकारी हैं। उनके नेतृत्व में माध्यमिक शिक्षा विभाग को नई दिशा एवं गति मिलेगी तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित होगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्री बघेल के मार्गदर्शन में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी शिक्षा निदेशक को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान तदर्थ शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार से जुड़े विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
प्रताप सिंह बघेल ने संगठन के पदाधिकारियों द्वारा व्यक्त शुभकामनाओं के लिए आभार प्रकट करते हुए कहा कि शिक्षा विभाग शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं विद्यालयों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा सभी हितधारकों के सहयोग से विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
भेंटवार्ता के दौरान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सौरव मिश्रा, प्रदेश कोषाध्यक्ष पवन जायसवाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद अवस्थी, अयोध्या मंडल अध्यक्ष कुलदीप सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि सिंह, ऋषिकेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।












