HomeHealth & Fitnessपीथमपुर में हेलियन लगाएगी पहली भारतीय विनिर्माण इकाई, मुख्यमंत्री करेंगे भूमि-पूजन

पीथमपुर में हेलियन लगाएगी पहली भारतीय विनिर्माण इकाई, मुख्यमंत्री करेंगे भूमि-पूजन

भोपाल। विश्व की अग्रणी कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनी हेलियन मध्य प्रदेश के पीथमपुर स्थित स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में भारत की पहली मैन्युफैक्चरिंग इकाई स्थापित करने जा रही है। करीब 2000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस इकाई का मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज सोमवार को भूमि-पूजन करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी बबीता मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मध्य प्रदेश को वैश्विक निवेश का पसंदीदा गंतव्य बनाने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का एक महत्वपूर्ण परिणाम है। यह परियोजना मुख्यमंत्री के यूनाइटेड किंगडम प्रवास और वहां आयोजित निवेश संवादों से सार्थक हुई है।

निवेशकों के साथ हुई विस्तृत चर्चाओं और मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं के प्रभावी प्रस्तुतीकरण के बाद हेलियन ने प्रदेश में अपना निवेश विस्तार करने का निर्णय लिया। अब यह निवेश प्रस्ताव क्रियान्वयन के चरण में पहुंच चुका है।

उन्होंने बताया कि लगभग दो हजार करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने वाली यह परियोजना प्रदेश में साकार हो रही महत्वपूर्ण विदेशी निवेश परियोजनाओं में शामिल है। पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित की जाने वाली यह अत्याधुनिक इकाई मुख्य रूप से ओरल हेल्थ उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित होगी।

यहां उत्पादित सामग्री घरेलू बाजार की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीका क्षेत्र के अनेक देशों में निर्यात भी की जाएगी। जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, हेलियन वैश्विक स्तर पर कंज्यूमर हेल्थकेयर क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों में शामिल है।

सेंसोडाइन, क्रोसिन, ईनो, ओट्रिविन, आयोडेक्स, सेंट्रम तथा ऑस्टोकैल्शियम जैसे लोकप्रिय उत्पादों के माध्यम से कंपनी विश्वभर में अपनी मजबूत पहचान रखती है। लगभग 170 से अधिक देशों में उपस्थिति रखने वाली यह कंपनी स्वास्थ्य एवं स्व-देखभाल के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व स्थापित कर चुकी है।

उन्होंने बताया कि परियोजना से लगभग 500 प्रत्यक्ष और 500 अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसके साथ ही स्थानीय एमएसएमई इकाइयों, सप्लायर नेटवर्क, परिवहन, लॉजिस्टिक्स तथा अन्य सहायक उद्योगों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे।

स्थानीय प्रतिभाओं के कौशल विकास को बढावा देने के साथ कम से कम 30 प्रतिशत महिला कार्यबल की रोजगार में भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देगी। स्थानीय मानव संसाधन के उपयोग पर विशेष ध्यान दिए जाने से क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।

हेलियन की यह परियोजना मध्य प्रदेश को वैश्विक विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह निवेश प्रदेश के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात संवर्धन और वैश्विक निवेश आकर्षण के प्रयासों को नई मजबूती प्रदान करेगा और विकसित मध्य प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments