Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)कब्जेदार ने स्वयं तोड़ी सरकारी जमीन पर बनी मजार:बहराइच के मिहींपुरवा में...

कब्जेदार ने स्वयं तोड़ी सरकारी जमीन पर बनी मजार:बहराइच के मिहींपुरवा में तीन एकड़ सरकारी भूमि अवैध कब्जे से मुक्त


बहराइच के मिहींपुरवा ब्लॉक क्षेत्र में सरकारी भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया। ग्राम पंचायत जालिम नगर के मजरा मोगलहन पुरवा में एक कब्जेदार ने स्वयं ही सरकारी जमीन पर बनी मजार को तोड़कर हटा दिया। इस कार्रवाई से करीब तीन एकड़ भूमि अवैध कब्जे से मुक्त हो गई। जानकारी के अनुसार, मोगलहन पुरवा में लगभग तीन एकड़ सरकारी भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा था। आरोप है कि इस कब्जे के दौरान उक्त भूमि पर एक मजार का निर्माण भी करा दिया गया था। प्रशासन को सूचना मिलने के बाद मामले की जांच की गई और कार्रवाई की तैयारी शुरू की गई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान गांव निवासी और कब्जेदार मो. हनीफ ने स्वयं फावड़ा उठाया और मजार को तोड़ना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उन्होंने मजार को पूरी तरह से हटा दिया। मजार हटाए जाने के बाद प्रशासन ने पूरी भूमि को कब्जामुक्त घोषित कर दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी भूमि खाली होने से अब भविष्य में उसका उपयोग सार्वजनिक हित के कार्यों के लिए किया जा सकेगा। प्रशासन ने क्षेत्र के अन्य सरकारी भूखंडों की भी जांच कर अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान चलाने की बात कही है। इस कार्रवाई में मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया और राजस्व विभाग की टीम से तहसीलदार मिहींपुरवा धर्मेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा था, इसलिए यह कार्रवाई की गई है। तहसीलदार मिहींपुरवा धर्मेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार अवैध कब्जादारों के खिलाफ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है और आगे भी जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments