Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)महीनों से बंद पड़ी पानी की टंकी का निर्माण:शुद्ध पेयजल के लिए...

महीनों से बंद पड़ी पानी की टंकी का निर्माण:शुद्ध पेयजल के लिए तरस रहे सुरहीताल ग्रामीण


खेसरहा विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत चोरईताल के राजस्व गांव सुरहीताल में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का कार्य पिछले कई महीनों से बंद पड़ा है। निर्माण कार्य ठप होने से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की योजना अधूरी रह गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना के तहत प्रत्येक गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से पानी की टंकियों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में सुरहीताल गांव में भी पानी की टंकी का निर्माण शुरू किया गया था, लेकिन कई महीनों से काम बंद होने के कारण परियोजना अधर में लटक गई है। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था बेहद जरूरी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य रुका होने से ग्रामीणों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। टंकी का निर्माण अधूरा होने के कारण गांव में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था शुरू नहीं हो सकी है। संजय यादव ने बताया कि पानी की टंकी का निर्माण काफी समय से बंद है, जिससे ग्रामीणों की शुद्ध पेयजल मिलने की उम्मीद अधूरी रह गई है। जयराम यादव ने कहा कि यदि समय से निर्माण कार्य पूरा हो गया होता तो गांव के लोगों को पेयजल संकट से काफी राहत मिलती। हरिराम ने मांग की कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा कराए। अनीता देवी ने बताया कि गांव की महिलाओं को आज भी पेयजल के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि पानी की टंकी बन जाने से लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से निर्माण कार्य तत्काल दोबारा शुरू कराकर शीघ्र पूरा कराने की मांग की है, ताकि सुरहीताल गांव के लोगों को जल जीवन मिशन योजना का लाभ मिल सके और शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments