#बस्ती_न्यूज
बस्ती में 17को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की वैश्विक थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मालवीय रोड स्थित श्री हरि मैरेज हॉल में एक योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में आयोजित एक प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने योग को स्वस्थ, सक्रिय एवं आत्मनिर्भर जीवन का आधार बताया। भारत स्वाभिमान समिति के जिला प्रभारी ओम प्रकाश आर्य ने कहा कि आधुनिक चिकित्सा विज्ञान ने औसत आयु तो बढ़ाई है, लेकिन स्वस्थ आयु बढ़ाना आज की सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने जोर दिया कि योग इस चुनौती का प्रभावी समाधान प्रदान करता है, जिससे व्यक्ति बढ़ती उम्र में भी शारीरिक, मानसिक तथा सामाजिक रूप से सक्रिय बना रहता है। इंडियन योग एसोसिएशन पूर्वी जोन के अध्यक्ष एवं स्वास्थ्य विशेषज्ञ प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि योग केवल रोगों के उपचार का माध्यम नहीं है, बल्कि यह संपूर्ण जीवनशैली का विज्ञान है। यह व्यक्ति को ऊर्जा, संतुलन और मानसिक स्पष्टता प्रदान करता है। महिला पतंजलि योग समिति की जिला प्रभारी कामना पाण्डेय ने ताड़ासन और वृक्षासन जैसे योगाभ्यासों को शरीर के संतुलन एवं समन्वय को मजबूत बनाने में सहायक बताया। वहीं, सुभाष चन्द्र आर्य ने भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान को मानसिक तनाव कम करने तथा स्मरण शक्ति बढ़ाने में उपयोगी बताया। डॉ. प्रवेश कुमार ने जानकारी दी कि कपालभाति, अनुलोम-विलोम और मंडूकासन जैसे अभ्यास मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं हृदय रोगों के नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। भारत स्वाभिमान के आजीवन सदस्य राजेश श्रीवास्तव कैलाशी ने बताया कि कार्यक्रम में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर निमंत्रण दे रहे हैं। योगाचार्य गरुण ध्वज पाण्डेय ने कहा कि योग समाज के हर वर्ग के लिए सुलभ है, जिसमें बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों के लिए चेयर योग एक प्रभावी विकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर “योग 365” के संकल्प के साथ दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में योग दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित:2026 की ‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर केंद्रित, सामाजिक रूप से सक्रियता
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












