HomeHealth & Fitnessडीपीएस चौराहे तक किया पीछा: स्कॉर्पियो को बार-बार टक्कर मारने और धमकी...

डीपीएस चौराहे तक किया पीछा: स्कॉर्पियो को बार-बार टक्कर मारने और धमकी देने का आरोप

गाजियाबाद। थाना विजयनगर क्षेत्र में रविवार शाम डीपीएस चौराहे के आसपास उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक स्कॉर्पियो-एन का पीछा कर रही एक कमर्शियल वैगनआर कार पर लगातार टक्कर मारने, रास्ता रोकने और धारदार हथियार दिखाकर धमकी देने के आरोप लगे। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर कार सवार युवक वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वैगनआर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित अभिषेक यादव की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, वह रविवार शाम बहलोलपुर गांव से अपनी स्कॉर्पियो-एन से निकल रहे थे। आरोप है कि छजारसी के पास पीछे से आई एक कमर्शियल वैगनआर ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवार युवक लगातार उनका पीछा करते रहे, रास्ता रोकते रहे और कई स्थानों पर दोबारा टक्कर मारने का प्रयास किया।

पीड़ित का आरोप है कि वैगनआर में बैठे एक युवक ने हाथ में चाकू लेकर जान से मारने की धमकी दी। अभिषेक का कहना है कि उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया है, जिसे उन्होंने पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।

आरोप है कि पीछा करते-करते दोनों वाहन प्रताप विहार चौकी क्षेत्र के अंतर्गत डीपीएस चौराहे तक पहुंच गए, जहां वैगनआर सवारों ने स्कॉर्पियो में कई बार टक्कर मारी। जब स्कॉर्पियो सवार युवक बातचीत के लिए वाहन से उतरे, तब आरोपियों ने उन पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। दोनों ने मौके से हटकर अपनी जान बचाई।
घटना के दौरान चौराहे पर मौजूद राहगीरों और अन्य लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उससे पहले ही आरोपी अपनी वैगनआर कार छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से बरामद वैगनआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वाहन के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।

WhatsApp Image 2026-06-29 at 08.44.47

थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है तथा कब्जे में ली गई वैगनआर के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments