मोतीपुर थाना क्षेत्र के विचपरी पुल से छलांग लगाने वाले युवक-युवती में से युवती का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। युवक को सोमवार को ही राहगीरों ने बचा लिया था। यह घटना सोमवार को जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के गिरजापुरी बैराज से आई लिंक नहर के विचपरी पुल के पास हुई थी। दोनों के छलांग लगाते ही राहगीरों ने देख लिया और युवक को नहर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मोतीपुर थाना प्रभारी आनंद चौरसिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवती की तलाश शुरू की। नहर में पानी का बहाव तेज होने और आसपास मगरमच्छों की मौजूदगी के कारण खोज अभियान में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। कई घंटों की तलाश के बाद, मंगलवार को युवती का शव घटना स्थल से करीब 7 किलोमीटर दूर मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नहर में कूदी युवती का 7 किमी दूर मिला शव:युवक को पहले ही बचाया गया था, विचपरी पुल से कूदे थे दोनों
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












