#बस्ती_न्यूज
बस्ती के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय मूडघाट के राष्ट्रपति पदक प्राप्त शिक्षक डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने लखनऊ में आयोजित एक राष्ट्रीय सेमिनार में निपुण भारत मिशन के बाद शिक्षा में आए बदलावों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। यह सेमिनार इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ऑडिटोरियम में ‘टीएलपीसी: नीति से व्यवहार तक’ विषय पर आयोजित किया गया था, जिसमें प्रदेश भर से शिक्षाधिकारी और शिक्षाविद शामिल हुए। बेसिक शिक्षा विभाग और एलएलएफ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन अपर मुख्य सचिव (बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा) पार्थ सारथी सेन शर्मा, महानिदेशक (स्कूल शिक्षा) मोनिका रानी और निदेशक (बेसिक शिक्षा) अनिल भूषण चतुर्वेदी ने किया। पैनल डिस्कशन कार्यक्रम में विशेषज्ञ के तौर पर बोलते हुए डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 और निपुण भारत मिशन के तहत स्कूलों की कक्षाओं के आंतरिक और बाह्य परिवेश में सकारात्मक सुधार हुए हैं। इससे विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों में वृद्धि हुई है। बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बनाने के लिए पोस्टर, चार्ट, टीएलएम, वर्क बुक, मैथ किट और खेलकूद सामग्री जैसी विभिन्न शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। शिक्षकों के लिए शिक्षक संदर्शिकाएं, प्रशिक्षण और स्मार्ट क्लास जैसे संसाधन भी प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों का परिणाम है कि राष्ट्रीय स्तर के असर सर्वे में प्रदेश की स्थिति राष्ट्रीय औसत से बेहतर प्रदर्शित हुई है। डॉ. मिश्र ने प्रदेश भर के उच्चाधिकारियों के समक्ष अपने विद्यालय पीएम श्री स्कूल मूड़घाट का वीडियो प्रदर्शन किया और प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में और सुधार के लिए सुझाव दिए। उन्होंने शिक्षकों के प्रशिक्षण प्रक्रिया में सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षण शिक्षकों की वास्तविक मांग के अनुरूप होना चाहिए, जिस पर महानिदेशक ने भी सहमति व्यक्त की। इस कार्यक्रम में ‘टीचर लर्निंग प्रोसेस इन क्लासरूम’ रिपोर्ट का विमोचन भी किया गया। डॉ. सर्वेष्ट मिश्र को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा, महानिदेशक मोनिका रानी, निदेशक अनिल भूषण चतुर्वेदी, एलएलएफ के निदेशक धीर झिंगरन, डायट प्राचार्य उमेश शुक्ल, वरिष्ठ विशेषज्ञ आनंद पाण्डेय, एस.के. तिवारी सहित प्रदेश के विभिन्न शिक्षाधिकारी और शिक्षाविद उपस्थित रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
सेमिनार में बस्ती के शिक्षक ने निपुण भारत उपलब्धियां रखीं:डॉ. सर्वेष्ट मिश्र ने शिक्षण व्यवस्था में सुधार और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












