Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में सरकारी तालाब पर वर्षों से कब्जा:अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विफल,...

बस्ती में सरकारी तालाब पर वर्षों से कब्जा:अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विफल, ग्रामीण धरने पर बैठे

#बस्ती_न्यूज

बस्ती की हरैया तहसील के कप्तानगंज विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत बसंतपुर में सरकारी तालाब की भूमि पर वर्षों से अवैध कब्जा है। एसडीएम हरैया उमाकांत तिवारी के निर्देशों और कई प्रयासों के बावजूद यह अतिक्रमण नहीं हटाया जा सका है, जिससे ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब तीन लेखपालों की एक टीम ने तालाब की भूमि की पैमाइश की। इस दौरान लगभग 150 एयर भूमि पर अवैध अतिक्रमण की पुष्टि हुई थी। हालांकि, बाद में नायब तहसीलदार रवि कुमार के नेतृत्व में राजस्व टीम ने दोबारा पैमाइश की, जिसमें यह आंकड़ा घटकर मात्र 40 एयर रह गया। दोनों पैमाइशों के बीच इस बड़े अंतर ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस बल, जेसीबी मशीन और हल्का लेखपाल अख्तर आलम मौके पर पहुंचे। लेकिन, भू-माफिया के परिवार के सदस्यों ने जेसीबी मशीन के सामने खड़े होकर कार्रवाई का विरोध किया और कब्जा हटाने से इनकार कर दिया। इस दौरान सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि पुलिस बल और जेसीबी मशीन तो समय पर पहुंच गए, लेकिन राजस्व टीम मौके से नदारद थी। परिणामस्वरूप, बिना किसी कार्रवाई के पुलिस बल, जेसीबी और हल्का लेखपाल को वापस लौटना पड़ा। न्याय की मांग को लेकर अभय वर्मा, राम सहाय चौधरी, आकाश शर्मा, इरफान अंसारी, अंकित शर्मा सहित दर्जनों ग्रामीणों ने उप जिलाधिकारी, जिलाधिकारी, समाधान दिवस, तहसील दिवस और मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर लिखित शिकायतें दर्ज कराईं। इतनी शिकायतों के बावजूद अवैध कब्जा नहीं हट सका। अब थके-हारे ग्रामीण तालाब की भूमि पर धरने पर बैठ गए हैं और उन्होंने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है। इस संबंध में तहसीलदार ऋषभ सिंह ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने स्वीकार किया कि सुबह टीम भेजी गई थी, लेकिन स्थानीय विरोध के कारण कब्जा नहीं हटाया जा सका। तहसीलदार ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही एक नई टीम का गठन कर अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments