लखनऊ। विभूति खंड थाना क्षेत्र स्थित समिट बिल्डिंग के 11वीं मंजिल पर फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि यहां से जालसाज देश-विदेश में ठगी करते थे। ऑनलाइन शॉपिंग साइट्स से रिफंड दिलाने के नाम पर साइबर ठगी करते थे।
पुलिस ने करीब 12 घंटे तक कॉल सेंटर में सर्च अभियान चलाया। इसके बाद 35 से अधिक युवतियों समेत 100 से ज्यादा लोगों को पकड़कर अपने साथ ले गई। संख्या अधिक होने के कारण पुलिस को बसें बुलानी पड़ीं। बाहर निकलते समय युवतियां अपने बाल-दुप्पटे और हाथ से चेहरा छिपाती दिखीं। सूत्रों की मानें, तो 35 से अधिक युवतियां भी इसमें काम कर रही थीं। इनका सरगना विदेश में बैठकर पूरे नेटवर्क को हैंडल कर रहा था। यहां पर किराए पर ऑफिस लेकर कर्मचारियों को हायर किया था।
जो अमेजॉन व ऑनलाइन कंपनियों के रिफंड दिलाने के नाम पर ठगी कर रहे थे। एडीसीपी क्राइम किरण यादव की क्राइम ब्रांच टीम व साइबर सेल ने सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात करीब 1 बजे छापा मारा। बुधवार दोपहर तक कार्रवाई जारी रही। सूत्रों ने बताया कि बहुत ज्यादा कर्मचारी होने की वजह से 3 बसों को बुलाया गया। जिसमें सभी आरोपियों को बैठाकर ले जाया गया। इसके साथ ही रस्सी भी मंगाई गई। जिससे बैरिकेडिंग करके आरोपियों को बस तक ले जाया गया।
मौके पर ज्वाइंट सीपी बबलू कुमार, डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा, एसीपी विभूति खंड सौम्या पांडे सहित कई उच्च अधिकारी भी पहुंचे हैं। बताया जा रहा है लिखा पढ़ी करने के बाद सभी आरोपियों को मेडिकल के लिए ले जाया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने कोई आधिकारिक बयान नहीं जारी किया है। पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस करके मामले का खुलासा कर सकती है।












