निघासन-खीरी,01 जुलाई(तरुणमित्र)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 52वें जन्मदिन के अवसर पर बुधवार को निघासन कस्बे के ढखेरवा रोड स्थित गोपाल जी लॉन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह में सपा कार्यकर्ताओं ने केक काटकर जन्मदिन मनाया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधरोपण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा प्रभारी चौधरी हिमांशु पटेल ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर अखिलेश यादव के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर कार्यकर्ताओं को पौधे भेंट किए और सभी से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
चौधरी हिमांशु पटेल ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और बदलते पर्यावरणीय हालात को देखते हुए पेड़-पौधों का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में पौधरोपण को जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं आमंत्रित कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह को यादगार बना दिया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर ज्वाला प्रसाद गुप्ता, आरिफ खान,सुरेंद्र यादव भंडारी, मनोज वर्मा, असगर अली, नक्षत्र सिंह, डॉ. निसार, चश्मुद्दीन अंसारी, शुभम वर्मा, विपिन वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।












