Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत:धान की रोपाई कर...

बस्ती में आकाशीय बिजली गिरने से 3 की मौत:धान की रोपाई कर रहे किशोरी, युवती और वृद्ध चपेट में आए

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के भानपुर तहसील क्षेत्र में बृहस्पतिवार को आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक किशोरी, एक युवती और एक वृद्ध शामिल हैं। ये सभी धान की रोपाई कर रहे थे। पहली घटना इब्राहिम चक उर्फ शेखपुर गांव में हुई। यहां राम कैलाश की 14 वर्षीय पुत्री राधिका अपने खेत में धान की रोपाई कर घर लौट रही थी, तभी बिजली की चपेट में आ गई। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैवा, सिद्धार्थनगर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राधिका कक्षा सात की छात्रा थी।
दूसरी घटना हलुवा हसनपुर गांव में सामने आई। 65 वर्षीय हरिराम पुत्र रामलाल अपने परिवार के साथ खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। दोपहर करीब 1:30 बजे आकाशीय बिजली गिरने से वह झुलस गए। उन्हें नरखोरिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। इस घटना में हरिराम का बेटा अटल बिहारी भी बिजली की चपेट में आया, लेकिन उसकी जान बच गई। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। तीसरी घटना टड़ौठी गांव में हुई। यहां रमेशराम की पुत्री चांदनी शर्मा दोपहर करीब 2:00 बजे अपने खेत में धान की रोपाई कर रही थी, तभी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। वही तीनों मृतक के परिजनों का रो-रोकर है बुरा हाल घटना की सूचना मिलने पर भानपुर तहसील की नायब तहसीलदार पूजा वर्मा, लेखपाल वीरेंद्र मौर्य और हल्का लेखपाल जयप्रकाश वर्मा मृतकों के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। भानपुर के तहसीलदार पंकज कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया तीनों की मौत आकाशीय बिजली गिरने से हुई है। उन्होंने हल्का लेखपालों को भेजकर मामले की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments