#बस्ती_न्यूज
बस्ती के आगामी कांवड़ यात्रा से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-27) की खराब स्थिति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चिंता बढ़ गई है। हर्रैया के उप जिलाधिकारी (एसडीएम) उमाकान्त तिवारी ने बस्ती के जिलाधिकारी (डीएम) को पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते राजमार्ग और सर्विस लेन की मरम्मत नहीं की गई, तो कांवड़ियों के भारी आक्रोश के कारण क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है। एसडीएम ने डीएम को भेजे पत्र में बताया कि 1 अगस्त 2026 से शुरू होने वाली यात्रा में लगभग 20 लाख शिवभक्त अयोध्या से पवित्र सरयू जल लेकर जनपद बस्ती, गोरखपुर और अन्य गंतव्य स्थलों के लिए एनएच-27 मार्ग से होकर गुजरेंगे। स्थलीय निरीक्षण के दौरान हर्रैया तहसील क्षेत्र में गगौवा चौकी और घघौवा पुल के समीप राजमार्ग पर 500 से अधिक छोटे-बड़े गड्ढे चिन्हित किए गए हैं। ये गड्ढे श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बेहद जोखिम भरे साबित हो सकते हैं। इसके अतिरिक्त, बभनान-हरैया ओवरब्रिज की सर्विस लेन भी पूरी तरह से टूटकर जर्जर हो चुकी है, जिससे दुर्घटनाओं की प्रबल आशंका बनी हुई है। प्रशासनिक पत्र में इस बात पर विशेष बल दिया गया है कि मार्ग की यह दुर्दशा कांवड़ यात्रा में सीधा व्यवधान डालेगी, जिससे पवित्र भावना के साथ यात्रा पर निकले शिवभक्तों में भारी असंतोष और आक्रोश पनप सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए, एसडीएम ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि वे अपने स्तर से त्वरित हस्तक्षेप करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के परियोजना निदेशक को निर्देशित करें। उन्होंने मांग की है कि आगामी कांवड़ यात्रा को निर्बाध, सुरक्षित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए इस अति-महत्वपूर्ण राजमार्ग और संबंधित सर्विस लेन को युद्धस्तर पर तत्काल गड्ढामुक्त कर आवश्यक मरम्मत कार्य अविलंब पूरा कराया जाए।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
एनएच-27 पर 500 से अधिक गड्ढे:हर्रैया एसडीएम ने डीएम को कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












