HomeHealth & Fitnessयूपी में दबंगों का तांडव! बीच सड़क में युवक के दोनों हाथ...

यूपी में दबंगों का तांडव! बीच सड़क में युवक के दोनों हाथ काट डाले, भाजपा नेता पर आरोप 

  • घात लगाए बैठे दबंगों ने घेरकर युवक पर किया जानलेवा हमला

महोबा। यूपी के महोबा जनपद मुख्यालय में पुलिस से बेखौफ दबंगों का तांडव मचाने का मामला सामने आया है। पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आए एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने कुल्हाड़ी और धारदार हथियार से हमला कर दोनों हाथ काटकर मरणासन्न कर दिया। गंभीर हालत में घायल को मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है। सरेआम पेट्रोल पंप पर हुई सनसनीखेज वारदात ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। घायल के पिता ने भाजपा युवा मोर्चा के नेता और उसके साथियों पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाया है।

जनपद मुख्यालय कानपुर सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर मंगलवार की रात सुभाष नगर निवासी जयवेंद्र सिंह उर्फ विक्की ठाकुर (28) अपनी गाड़ी में तेल डलवाने पहुंचा था। पहले से घात लगाए बैठे दबंगों ने घेरकर युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कुल्हाड़ी से युवक पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर उसे मरणासन्न कर दिया। विक्की ठाकुर के दोनों हाथ कट गए और उसके सिर और पैरों में भी गंभीर चोट लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

हमलावर विक्की ठाकुर को घायल कर उसे तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गए। घायलावस्था में युवक खून से लथपथ तड़पता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है।

बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि घटना में घायल के एक पूर्व परिचित व्यक्ति के संलिप्त होने की जानकारी प्राप्त हुई है, जिसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है। घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के शीघ्र खुलासा के लिए टीमों का गठन किया गया है।

घायल के पिता बाबूराम ने बताया कि उनका बेटा पंप पर तेल भरवाने गया था। जहां भाजपा नेता शिवप्रताप सिंह परमार ने अपने साथियों के साथ सुनियोजित तरीके से बेटे को जान से मारने की नियत से उसपर जानलेवा हमला किया है। बेटा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। पीड़ित पिता ने आरोपित को सत्ता का संरक्षण मिलने का आरोप लगाया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments