प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी थाने की पुलिस टीम ने चौकीदार की हत्या का खुलासा करते हुए रविवार रात पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि वृद्ध चौकीदार की हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपित नैनी कोतवाली थाना क्षेत्र के धनुआ गांव निवासी रामलाल पुत्र स्वर्गीय बाबूलाल है। पुलिस टीम ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त औजार कुल्हाड़ी बरामद किया है। उल्लेखनीय है कि 03 अप्रैल 2026 को सोनू पुत्र हजारीलाल निवासी धनुआ ने थाना नैनी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके पिता हजारीलाल पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इस संबंध में थाना नैनी में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर संदिग्ध की तलाश की जा रही थी।
अवैध संबंध के शक में की गई हत्या
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपित रामलाल ने बताया कि उसकी पत्नी का मृतक हजारीलाल से कई वर्षों से अवैध संबंध था, जिसके कारण उसकी पत्नी उससे बातचीत नहीं करती थी। इसी बात से आक्रोशित होकर उसने लगभग 10 दिन पहले हत्या की योजना बनाई। 2/3 अप्रैल की रात करीब 2 बजे वह कुल्हाड़ी लेकर गया और सो रहे हजारीलाल के सिर पर वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद कुल्हाड़ी घर लाकर बालू के ढेर में छिपा दी थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
डीसीपी ने बताया कि हत्या की घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगाई गई थी। साक्ष्य और सूचना के आधार पर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया तथा घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई है। अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक बृज किशोर गौतम, उपनिरीक्षक कुलदीप उपाध्याय, उपनिरीक्षक उत्कर्ष सिंह, कांस्टेबल अभिषेक तिवारी और कांस्टेबल धर्मेन्द्र शामिल रहे।











