लखनऊ। दुबई में रहने वाले यूपी के संदिग्ध आतंकी आकिब खान के एके-47 को खिलौना बताने के मामले में बिजनौर के इंस्पेक्टर सत्येंद्र सिंह मलिक को सस्पेंड कर दिया गया है। सीओ नितेश प्रताप सिंह को भी हटाकर पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है।
दरअसल, बिजनौर के मैजुल का छह महीने पहले एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह मेरठ के आकिब के साथ नजर आया था। मामले की जांच बिजनौर के तत्कालीन थानाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह मलिक को सौंपी गई थी। जांच के दौरान उन्होंने आकिब और मैजुल से बातचीत की। आकिब ने एके-47 को खिलौना और हैंड ग्रेनेड को परफ्यूम की बोतल बताया।
उन्होंने उसकी बातों पर भरोसा कर लिया और मामले में फाइनल रिपोर्ट सीओ के पास जमा कर दी। इसमें आकिब और मैजुल को क्लीनचिट दी गई थी। सीओ ने भी मामले की जांच-पड़ताल नहीं की। 2 अप्रैल को लखनऊ से यूपी एटीएस ने चार आतंकियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मेरठ के आतंकी साकिब ने बताया कि उसका संबंध दुबई में रहने वाले आकिब से है। इसके बाद लापरवाही सामने आने पर एसपी अभिषेक झा ने रविवार को दोनों अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की।











