HomeHealth & Fitnessरक्षामंत्री ने तल्लीनता से सुनीं लखनऊ वासियों की समस्यायें व सुझाव

रक्षामंत्री ने तल्लीनता से सुनीं लखनऊ वासियों की समस्यायें व सुझाव

लखनऊ। लखनऊ महानगर के मध्य मंडल-2 द्वारा कैसरबाग स्थित राय उमा बाली प्रेक्षागृह में आयोजित प्रबुद्ध जनसंवाद कार्यक्रम में लखनऊ के सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रबुद्धजनों के साथ सीधा संवाद स्थापित कर उनके सुझाव, समस्याएं एवं विचार सुने। साथ उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी उपस्थित रहें। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि जनता के बीच भाषण देने नहीं, बल्कि उनका हालचाल जानने और उनसे सीधे संवाद करने आए हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि और नागरिकों के सुझाव विकास कार्यों की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लखनऊ के समग्र विकास के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं।

गौरव उपाध्याय ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं व्यवस्थित बनाने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में ओपन जिम स्थापित होने से युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है। व्यापारी नेता अनिल बजाज ने कहा कि लखनऊ के व्यापारियों की समस्याओं को रक्षा मंत्री सदैव गंभीरता से सुनते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी व्यापारिक हितों से जुड़ा कोई विषय उनके समक्ष रखा जाता है, तो उसके त्वरित समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाती है।

 रंजीत चौधरी ने विगत दिनों पेड़ गिरने की घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे ही यह विषय रक्षा मंत्री के संज्ञान में आया, उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। शिव प्रकाश पुजारी ने क्षेत्र में सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे स्थानीय नागरिकों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन को बेहतर सुविधाएं प्राप्त हुई हैं। केदारनाथ बाजपेयी ने लखनऊ मेट्रो फेज-2 परियोजना के लिए रक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर के लाखों नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। 

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर सड़क, फ्लाईओवर, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिससे लखनऊ देश के अग्रणी शहरों में अपनी पहचान बना रहा है। मीडिया प्रभारी अनुराग साहू ने बताया कि कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य राम चंद्र प्रधान, मुकेश शर्मा, उपविजेता रजनीश गुप्ता, रमेश तूफानी, घनश्याम दास अग्रवाल, विनायक पांडेय, आनंद पांडेय मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन उपस्थित रहें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments