#बस्ती_न्यूज
बस्ती में विकास खंड बनकटी की ग्राम पंचायत बरहुँवा क्षेत्र के डिहवा में मंगलवार देर रात एक छोटी सी चाय-पान की दुकान अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया। रात के सन्नाटे में उठीं आग की लपटों ने परिवार की रोजी-रोटी के साधन को तबाह कर दिया। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया। देर रात दुकान से उठने लगीं आग की लपटें डिहवा निवासी राजकुमार की चाय, पान और गुटखा की दुकान में मंगलवार रात करीब 11:40 बजे अचानक आग लग गई। दुकान का संचालन उनकी पत्नी लीलावती करती थीं। देर रात होने के कारण आसपास के लोगों को घटना की जानकारी कुछ समय बाद हुई। जब ग्रामीणों ने दुकान से धुआं निकलते देखा तो मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते आग ने दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। लोगों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। चाय-पान का सामान सहित फर्नीचर जलकर हुआ राख आग इतनी तेज थी कि दुकान में रखा चाय बनाने का सामान, पान, गुटखा, मेज, कुर्सी और अन्य जरूरी सामग्री पूरी तरह जल गई। इससे दुकान संचालक परिवार को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह दुकान परिवार की आय का प्रमुख साधन थी। दुकान के जल जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा नुकसान आग लगने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने एकजुट होकर मोर्चा संभाल लिया। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। यदि समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते तो आग आसपास की अन्य दुकानों और घरों तक फैल सकती थी। ग्रामीणों की सक्रियता से बड़ा हादसा टल गया। गश्त कर रही पुलिस भी पहुंची मौके पर घटना की जानकारी मिलने पर लालगंज थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि थाना प्रभारी रात में क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। सूचना मिलते ही वह घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग बुझा दी थी। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई। आग लगने की वजह नहीं हो सकी साफ दुकान में आग कैसे लगी, इसका अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने भी घटना को लेकर किसी पर आरोप नहीं लगाया है और कारण स्पष्ट नहीं होने के चलते कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया है। रोजी-रोटी का सहारा छिनने से परिवार परेशान छोटी दुकानें ग्रामीण परिवारों की आजीविका का बड़ा सहारा होती हैं। आग की इस घटना से राजकुमार के परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि आर्थिक मदद मिलने से परिवार को इस संकट से उबरने में सहारा मिल सकेगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में रात में धधक उठी चाय-पान की दुकान:लपटों में जल गया रोजी-रोटी का सहारा, ग्रामीणों ने बचाया बड़ा हादसा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












