- आई0जी0आर0एस0 में सुधार लाने के निर्देश
मुजफ्फरनगर। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री संदर्भ एवं लम्बित शिकायतों/प्रकरणों के निस्तारण से संबंधित बैठक जिला पंचायत सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने अधिकारीगणो को कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों को निर्धारित समय सीमा के अन्दर अवश्य निस्तारित कर दें जिससे कोई भी संदर्भ डिफाल्टर की श्रेणी में न जाए। संदर्भों के निस्तारण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाए। कोई भी संदर्भ सी श्रेणी एवं असंतुष्ट फीडबैक संदर्भ का निस्तारण करने से पूर्व शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता करने के उपरान्त ही आख्या अपलोड कराये जाने के निर्देश दिये गये।
आईजीआरएस पोर्टल से संबंधित शिकायती प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि संदर्भों के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता की संतुष्टि का फीडबैक पर विशेष ध्यान दिया जाए शत-प्रतिशत संतुष्टि का फीडबैक प्राप्त करने के उपरांत ही संदर्भों का निस्तारण करे। संदर्भों के निस्तारण में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए जिससे संतुष्टि का फीडबैक बेहतर मिल सके।












