श्रावस्ती के इकौना थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच चालान से नाराज एक ट्रक ड्राइवर ने अपना वाहन सड़क पर खड़ा कर दिया। जगदीशपुर के पास हुई इस घटना से बलरामपुर-बहराइच मार्ग पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में एंबुलेंस और स्कूल बसें भी फंस गईं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चालक ने लगाया चाबी और कागजात ले जाने का आरोप ट्रक ड्राइवर अरविंद कुमार, निवासी लखीमपुर खीरी, का आरोप है कि चालान करने के बाद एआरटीओ कर्मी ट्रक की चाबी और वाहन के कागजात अपने साथ ले गए। इसके विरोध में उसने ट्रक को सड़क पर ही खड़ा कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। एआरटीओ ने बताई कार्रवाई की वजह एआरटीओ मोहम्मद अजीम के अनुसार, बलरामपुर-बहराइच मार्ग पर चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या UP 13 BP 3345 को रोका गया था। जांच में सामने आया कि वाहन का नवंबर 2025 से रोड टैक्स बकाया था। इसके अलावा ट्रक पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगी थी और उसमें प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न भी लगा हुआ था।
‘ड्राइवर ने वाहन खराब कर दिया’ एआरटीओ का कहना है कि ट्रक को थाने में निरुद्ध करने के लिए ले जाने को कहा गया था, लेकिन ड्राइवर ने वाहन को खराब कर दिया, जिससे उसे तत्काल हटाया नहीं जा सका। मोटर वाहन अधिनियम के तहत ट्रक का चालान किया गया और चालक को जुर्माना जमा कर कार्यालय से दस्तावेज प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप एआरटीओ के मुताबिक, ड्राइवर ने चालान न करने का दबाव बनाया और कथित तौर पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। सड़क पर जाम लगने की सूचना मिलने पर एआरटीओ टीम और इकौना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को हटवाकर थाने में निरुद्ध कर दिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस को दी गई तहरीर एआरटीओ विभाग की ओर से ड्राइवर के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और सड़क पर जाम लगाने के आरोप में इकौना थाने में तहरीर दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
चालान से नाराज ड्राइवर ने सड़क पर खड़ा किया ट्रक:श्रावस्ती में लगा लम्बा जाम, एंबुलेंस फंसी; एआरटीओ ने सरकारी काम में बाधा की शिकायत की
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












