ईदु-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने की, जिसमें पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन, अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार उपस्थित रहे। इस बैठक में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए जनप्रतिनिधियों, संभ्रांत नागरिकों, उपजिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थानाध्यक्षों ने हिस्सा लिया। जिलाधिकारी ने सभी थाना प्रभारियों से पीस कमेटी बैठकों की जानकारी ली, जिसमें बताया गया कि सभी क्षेत्रों में शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई है।
जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि सिद्धार्थनगर हमेशा से शांतिप्रिय जनपद रहा है और इस पहचान को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर निकायों और पंचायत विभाग को ईदगाहों व मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई, नालियों की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि ईद की नमाज सार्वजनिक स्थलों और सड़कों पर नहीं पढ़ी जाएगी। बैठक में प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी न करने और कुर्बानी के बाद अवशेषों का वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि गंदगी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को नमाज के समय निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं चालू रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने बताया कि 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी सूचना की सत्यता की पहले जांच कर लें। उन्होंने असामाजिक तत्वों से दूरी बनाकर प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का आह्वान किया। बैठक का संचालन अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ने किया। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत कुमार चौरसिया, सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर निकाय, थानाध्यक्ष और बड़ी संख्या में संभ्रांत नागरिक मौजूद रहे।
बकरीद पर शांति की अपील, सड़क पर नमाज पर रोक:प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर भी प्रतिबंध, पीस कमेटी बैठक में निर्देश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!











