श्रावस्ती के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बन्दरा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान एक महिला और उनकी बेटियों के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रामपुर बन्दरा गांव निवासी सावित्री देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार शाम करीब छह बजे गांव के कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और मारपीट होने लगी। सावित्री देवी का आरोप है कि उन्हें बचाने आईं उनकी बेटियों गायत्री, राधा और शांति के साथ भी लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। इस घटना में सभी को चोटें आई हैं। पीड़िता की शिकायत के आधार पर मल्हीपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ निष्पक्ष व सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
श्रावस्ती में महिला और बेटियों पर हमला:चार लोगों पर एफआईआर दर्ज, जांच शुरू
RELATED ARTICLES












