खेसरहा विकास खंड की बनकटा प्रथम गांव में मनरेगा कार्यों में कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। आजाद अधिकार सेना के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पूर्वांचल) जितेंद्र कुमार पांडेय ने एनएमएमएस (NMMS) ऐप के जरिए मजदूरों की फर्जी उपस्थिति दर्ज करने और फर्जी मस्टर रोल जारी करने का आरोप लगाते हुए पीजी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। जितेंद्र कुमार पांडेय ने निदेशक ग्रामीण विकास विभाग, मनरेगा आयुक्त लखनऊ, जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर और डीसी मनरेगा को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी है। शिकायत में कहा गया है कि ग्राम पंचायत बनकटा प्रथम में मनरेगा के तहत संचालित कार्य “ब्रह्मानंद के घर के पास गड्ढे की खुदाई” (वर्क कोड-3151013037/WC/YD/958486255824256736) में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। शिकायत के अनुसार, मस्टर रोल संख्या 1143 से 1157 तक 1 जून से 8 जून 2026 के बीच जारी किए गए। आरोप है कि 1 से 4 जून तक कार्यस्थल पर केवल 10 से 12 पुरुष और 2 से 3 महिला मजदूर ही कार्य करते दिखाई दिए, जबकि एनएमएमएस ऐप पर 148 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं 5 जून से 8 जून के बीच कार्यस्थल पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था, इसके बावजूद प्रतिदिन 148 मजदूरों की उपस्थिति दर्ज कर फोटो अपलोड किए गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एनएमएमएस ऐप के माध्यम से फोटो अपलोड करने और फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया में भी अनियमितताएं बरती गई हैं। उन्होंने मांग की है कि ऐप पर अपलोड की गई तस्वीरों का वास्तविक मजदूरों से मिलान कराया जाए तथा उपस्थिति दर्ज करने में इस्तेमाल किए गए मोबाइल या डिवाइस की तकनीकी जांच कराई जाए। उनका कहना है कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पंचायत विकास अधिकारी ने कहा- जांच होगा वहीं, पंचायत विकास अधिकारी विकास चौधरी ने बताया कि शिकायत की जानकारी मिली है। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
NMMS ऐप में 148 मजदूरों की हाजिरी दर्ज:बनकटा प्रथम का शिकायतकर्ता बोला- मौके पर थे सिर्फ 12-15 श्रमिक
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












