मनीष कश्यप
जरवलरोड/बहराइच(तरुणमित्र संवाददाता)। बीते 16 अप्रैल से मरम्मत कार्य के चलते बंद चल रहा संजय सेतु अब पूरी तरह से खुलने की कगार पर है। शुक्रवार को दिनभर पुल पर रंगाई-पुताई, रेलिंग को चमकाने और डामरीकरण, सड़क मार्किंग का काम युद्धस्तर पर जारी रहा। मरम्मत के बाद पुल को पूरी तरह नया रूप दे दिया गया है। एनएचएआई के रेजिडेंट इंजीनियर अनंत राम मौर्य ने बताया कि पूर्व निर्धारित समय सीमा के भीतर काम को तेजी से निपटाया जा रहा है। शनिवार शाम तक संजय सेतु की मरम्मत का कार्य लगभग सौ प्रतिशत पूरा कर लिया जाएगा। इसके साथ ही मरम्मत का काम देख रहे जेई विपुल श्रीवास्तव ने भी पुष्टि की है कि पूर्व निर्धारित समय के भीतर ही शनिवार देर रात तक अधिकांश काम को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। रेजिडेंट इंजीनियर अनंत राम मौर्य के मुताबिक, शनिवार को पूरे मरम्मत कार्य की गहनता से जांच की जाएगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसकी अंतिम तकनीकी रिपोर्ट राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के प्रोजेक्ट मैनेजर नकुल प्रकाश वर्मा और बहराइच के जिलाधिकारी महोदय को प्रेषित की जाएगी। विभाग और शासन-प्रशासन को रिपोर्ट भेजे जाने के बाद, जैसे ही उच्चाधिकारियों द्वारा हरी झंडी मिलती है, वैसे ही पुल को आम जनता और वाहनों के आवागमन के लिए तत्काल खोल दिया जाएगा। संभावना है कि सोमवार को पुल पुनः चालू कर दिया जाए। फिलहाल अधिकारियों के निर्णय पर ही अधिकारिक रूप से कहा जा सकता है। इस पुल के दोबारा शुरू होने से बहराइच और पूरे देवीपाटन के राहगीरों व समस्त भारी वाहन चालकों को लंबे डायवर्जन से मुक्ति मिलेगी और बड़ी राहत मिलेगी।












