HomeUncategorizedमहराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर खाद की कालाबाजारी जारी, अभावों के बीच डटे...

महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा पर खाद की कालाबाजारी जारी, अभावों के बीच डटे जवानों के हौसले बुलंद।*

 

 

रिपोर्ट:हेमन्त दुबे/गजेंद्र गुप्त।

 

महराजगंज। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे महराजगंज जिले के सरहदी इलाकों में एक तरफ जहां हमारे देश के जांबाज जवान 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए हैं, वहीं दूसरी तरफ खुली सीमा का फायदा उठाकर खाद (उर्वरक) की अवैध तस्करी का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। विषम परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और मौसम की मार के बावजूद सीमा पर तैनात जवान मुस्तैदी से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।

*खुली सीमा और पगडंडियों से तस्करी।*

हाल ही में सीमावर्ती क्षेत्रों की धरातलीय पड़ताल में यह तथ्य प्रकाश में आया है कि तस्कर बाइक और ई-रिक्शा वाहनों के जरिए खाद को भारतीय सीमा से नेपाल भेजने में लगे हुए हैं। सुरक्षाकर्मियों के अनुसार, सीमा खुली होने और कई स्थानों पर नाले व खेत लगे होने के कारण तस्कर स्थानीय किसान बनकर थोड़ा-थोड़ा कर खाद सीमा पार पहुंचा देते हैं। भौगोलिक स्थिति और सीमित अधिकारों के चलते जवानों के सामने व्यावहारिक दिक्कतें आ रही हैं।

*कागजी औपचारिकता में उलझा किसान, सीमा पर आसानी से बिक रही खाद।*

रिपोर्ट में एक बड़ा विरोधाभास देखने को मिला है। एक ओर आम भारतीय किसान जब सरकारी खाद गोदामों पर पहुंचता है, तो उससे कई प्रकार के अभिलेख और कागजी प्रक्रिया पूरी कराई जाती है। वहीं दूसरी ओर, सीमा से सटे निजी उर्वरक विक्रेता केवल आधार कार्ड देखकर ऊंचे दामों पर आसानी से खाद उपलब्ध करा रहे हैं। भारत सरकार द्वारा भारतीय किसानों के लिए दी जाने वाली भारी-भरकम सब्सिडी की खाद अवैध रूप से नेपाल जा रही है, जिससे राष्ट्रीय राजस्व और स्थानीय किसानों दोनों को नुकसान पहुंच रहा है।

*फटे तिरपाल के सहारे सुरक्षा, जवानों को सुविधाओं की दरकार।*

सीमा पर 24 घंटे तैनात जवानों की बुनियादी सुविधाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय है। कड़कड़ाती धूप, ठंड और बारिश से बचाव के लिए जवान फटे तिरपाल के शेल्टर के सहारे अपनी व देश की सुरक्षा कर रहे हैं। तेज हवा चलने पर ये तिरपाल भी उड़ जाते हैं। आंधी-तूफान या सीमा पार से किसी अप्रिय घटना अथवा पत्थरबाजी की स्थिति में जवानों के पास स्वयं के बचाव के लिए पुख्ता इंतजाम नहीं हैं। स्थानीय बुद्धिजीवियों ने शासन से मांग की है कि सीमा पर तैनात जवानों के लिए पक्के शेल्टर, वॉच टावर व आधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।

*नेपाल के नए घटनाक्रम से व्यापार प्रभावित।*

सीमावर्ती व्यापार पर पड़े प्रभाव को लेकर स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नेपाल में नई सरकार के गठन और वहां की प्रशासनिक नीतियों में बदलाव के कारण सीमा पार से आने वाले ग्राहकों की संख्या में भारी गिरावट आई है। इससे सीमावर्ती बाजारों का कारोबार मंद पड़ा है और स्थानीय रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।

*जांबाज जवानों के समर्पण को नमन।*

सीमित संसाधनों, विषम मौसम और सुरक्षा जोखिमों के बीच देश की अखंडता की रक्षा में जुटे जवानों का धैर्य और समर्पण वंदनीय है। आवश्यकता इस बात की है कि प्रशासन खाद तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाए और सीमा के प्रहरियों को आवश्यक बुनियादी सुविधाएं तत्काल मुहैया कराए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments