श्रावस्ती। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर आज दिनांक 14.06.2026 को 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, भिनगा में रक्तदान शिविर एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री अमरेन्द्र कुमार वरुण, कमांडेंट, 62वीं वाहिनी के दिशा-निर्देशन तथा कार्यवाहक कमांडेंट श्री ललेंद्र रत्नाकर, द्वितीय कमान अधिकारी की उपस्थिति में संपन्न हुआ।रक्तदान शिविर का संचालन जिला चिकित्सालय, भिनगा से आए डॉ. अभिनव पांडेय एवं उनकी चिकित्सा टीम तथा वाहिनी चिकित्सालय की डॉ. कल्पना महादेव पाटील एवं उनकी टीम की निगरानी में किया गया। शिविर के दौरान वाहिनी के कार्मिकों एवं संदीक्षा सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए कुल 11 यूनिट रक्तदान किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सर्वोत्तम माध्यम बताते हुए सभी प्रतिभागियों की सराहना की तथा समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कार्मिकों एवं संदीक्षा सदस्यों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में अपना योगदान देना था। रक्तदाताओं के उत्साह एवं सेवा भावना ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान एवं संदीक्षा सदस्य उपस्थित रहे।
“रक्तदान – महादान, जीवन बचाने का सबसे बड़ा अभियान।”












