सिद्धार्थनगर के इटवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत इटवा में मंगलवार को दिनदहाड़े चाकू से हमला किया गया। इस घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। यह वारदात नगर पंचायत इटवा के वार्ड नंबर 4, श्यामाप्रसाद मुखर्जी नगर (मस्जिदिया) में राजेश सोनी के घर में हुई। भैसाहीं निवासी शमशाद ने घर में घुसकर राजेश सोनी और उनके परिवार के सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में राजेश सोनी सहित अन्य लोग घायल हुए। पीड़िता सुनीता सोनी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे भैसाही निवासी शमशाद और कुछ अन्य लोग उनके दुकान-मकान में घुस आए। उन्होंने उनके पति राजेश सोनी, रवि सोनी और ओम को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी शमशाद को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रवीन प्रकाश ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नगर पंचायत अध्यक्ष विकास जायसवाल ने घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने थाने पहुंचकर थानाध्यक्ष से आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
एक ही परिवार के तीन लोगों पर चाकू से हमला:इटवा में घर में घुसकर वारदात, मुकदमा दर्ज, हिरासत में आरोपी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












