#बस्ती_न्यूज
बस्ती में दो महिलाओं से लखनऊ में सस्ती जमीन दिलाने के नाम पर 13.85 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पुरानी बस्ती थाने में 7 जुलाई 2026 को शाम 6:33 बजे मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, गाली-गलौज और धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में मोहल्ला मंगल बाजार निवासी शिखा गुप्ता ने बताया कि उनके मोहल्ले के शिवम, जिनकी मंगल बाजार में भारतीय खिलौना भंडार नाम से दुकान है और जो जमीन की खरीद-फरोख्त का काम भी करते हैं, का उनके घर आना-जाना था। शिखा गुप्ता का आरोप है कि शिवम ने उन्हें लखनऊ के रजनीखंड, आशियाना (एलडीए कॉलोनी) में 1000-1000 वर्गफुट जमीन सस्ती कीमत पर दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी ने इस संबंध में एग्रीमेंट के कागजात भी दिखाए थे। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस भरोसे में आकर शिखा गुप्ता ने अलग-अलग तारीखों में कुल 9.60 लाख रुपये दिए। उनकी ननद रिंकी उर्फ रजनी ने भी आरोपी को 4.25 लाख रुपये का भुगतान किया। आरोप है कि काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो जमीन का बैनामा कराया गया और न ही पैसे वापस लौटाए गए। जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने टालमटोल करना शुरू कर दिया और कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पुरानी बस्ती पुलिस ने इस मामले में शिवम, अर्जुन, इंद्र और सचिन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष शशांक शेखर राय ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
लखनऊ में सस्ती जमीन दिलाने का झांसा:बस्ती की दो महिलाओं से 13.85 लाख की ठगी; 4 नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा
RELATED ARTICLES












