गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतने पर राज्य की स्टार मुक्केबाज लवलीना बरगोहाईं को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी इस उपलब्धि को असम और पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।
मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया पर जारी अपने संदेश में कहा कि लवलीना बरगोहाईं ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से असम और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर हासिल की गई यह सफलता राज्य के युवाओं, विशेषकर उभरते खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
डॉ. सरमा ने कहा कि लवलीना की उपलब्धि यह संदेश देती है कि निरंतर मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि लवलीना भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत और असम का नाम और अधिक रोशन करेंगी।
मुख्यमंत्री ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि असम के अधिक से अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर सकें।












