लखीमपुर-खीरी,02 अगस्त(तरुणमित्र)। कोतवाली धौरहरा क्षेत्र में रविवार को एक युवक का क्षत-विक्षत शव पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। मामले को लेकर परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है,जबकि पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भौवापुर निवासी सुंदरी उर्फ संजीत (14 वर्ष) पुत्र सूबेदार गौतम का शव ग्राम रामनगर लहबड़ी और भटपुरवा के बीच किसान ठाकुर सत्य कुमार सिंह के खेत में स्थित भिलौर के पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पिता सूबेदार गौतम एवं माता सुनीता ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र की हत्या की गई है। उन्होंने अरुण निवासी बम्हौरी, गुड्डू पुत्र रामलखन निवासी खालेपुरवा तथा महेश निवासी भौवापुर पर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि शव पर गंभीर चोटों के निशान थे। उनका दावा है कि मृतक की आंखें क्षतिग्रस्त थीं, जीभ कटी हुई थी तथा दोनों पैर घुटनों के पास से टूटे हुए प्रतीत हो रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि घटना के समय मृतक सलवार-सूट पहने हुए था। परिजनों के अनुसार मृतक का गांव की दो युवतियों से संबंधित एक विवाद भी चल रहा था।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और आशंका है कि युवक ने भयवश यह कदम उठाया। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा।
समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी तथा सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है।
इस मामले में कोतवाल दिनेश शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने की तहरीर दी है।जबकि गांव में परिजन हत्या होने का आरोप लगा रहे हैं।












