HomeHealth & Fitnessराजीव गांधी को वीर भूमि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, उनके...

राजीव गांधी को वीर भूमि पर कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि, उनके योगदान को किया याद 

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। राजधानी दिल्ली स्थित वीर भूमि पर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने पहुंचकर राजीव गांधी को नमन किया और उनके योगदान को याद किया। इस दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित किए।

कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष  मल्लिकार्जुन खरगे भी मौजूद रहे। इसके अलावा महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मुकुल वासनिक, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, अजय कुमार लल्लू और पी. चिदंबरम समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने भी श्रद्धांजलि दी।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने सामाजिक मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर राजीव गांधी को सूचना क्रांति और पंचायती राज व्यवस्था का जनक बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के योगदान को देश हमेशा याद रखेगा। कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने उन्हें आधुनिक भारत का निमार्ता बताते हुए श्रद्धांजलि दी।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर सामाजिक मंच ‘एक्स’ के माध्यम से उन्हें नमन किया। देश के कई मुख्यमंत्रियों और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को याद किया।

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि राजीव गांधी ने तकनीक, नवाचार और युवाओं की भागीदारी के जरिए आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी लोकतंत्र और विकास में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राजीव गांधी ने सूचना और संचार क्रांति की शुरूआत कर देश को नई दिशा दी तथा मतदान की आयु 18 वर्ष कर युवाओं को लोकतंत्र से जोड़ा। कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में राजीव गांधी के दूरदर्शी नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments