HomeHealth & Fitness‘संगम’ नाम से शराब ब्रांड लॉन्च होने पर विवाद, संत समाज ने...

‘संगम’ नाम से शराब ब्रांड लॉन्च होने पर विवाद, संत समाज ने की कार्रवाई की मांग

बरेली । प्रयागराज में त्रिवेणी संगम के नाम पर उत्तर प्रदेश की एक डिस्टलरी कंपनी द्वारा शराब का ब्रांड लॉन्च किए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है।

संत समाज और धर्मगुरुओं ने इसे सनातन आस्था का अपमान बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। इस मामले में सरकार से तत्काल हस्तक्षेप और संबंधित कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई गई है।

धर्मगुरु पंडित सुशील पाठक ने कहा कि ‘संगम’ सनातन धर्म का अत्यंत पवित्र तीर्थ स्थल है, जहां करोड़ों श्रद्धालु श्रद्धा और आस्था के साथ स्नान करने आते हैं।

ऐसे पावन नाम का इस्तेमाल शराब जैसे उत्पाद के लिए किया जाना हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सनातन धर्म को बदनाम करने की सोची-समझी साजिश है।

पंडित पाठक ने कहा कि जिस डिस्टलरी कंपनी ने इस नाम से शराब ब्रांड लॉन्च किया है, उसके मालिक के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने मांग की कि सरकार तत्काल इस ब्रांड नाम पर रोक लगाए और जिम्मेदार लोगों को जेल भेजे। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर संत समाज में भारी आक्रोश है। संगम पीठाधीश्वर शांडिल्य महाराज ने भी इस मामले में विरोध दर्ज कराया है, जिसका संत समाज समर्थन कर रहा है।

पंडित सुशील पाठक ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो साधु-संत सड़क पर उतरकर आंदोलन और अनशन करेंगे। उन्होंने कहा कि आस्था से जुड़े प्रतीकों और पवित्र स्थलों के नाम का व्यावसायिक दुरुपयोग किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

मामले को लेकर प्रयागराज समेत विभिन्न धार्मिक संगठनों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, अभी तक संबंधित डिस्टलरी कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments