श्रावस्ती जिले के गिलौला क्षेत्र स्थित बसभारिया पुरैना गांव में एक गाय पिछले 48 घंटे से लगातार एक खेत की परिक्रमा कर रही है। इस अनोखी घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट रहे हैं और पूरे इलाके में कौतूहल का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों ने जब पहली बार गाय को खेत के चारों ओर घूमते देखा, तो यह खबर तेजी से फैल गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसके बाद आसपास के गांवों के साथ-साथ दूर-दराज से भी लोग मौके पर पहुंच रहे हैं ताकि वे इस दृश्य को अपनी आंखों से देख सकें। इस घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। कुछ लोग इसे किसी देवी-देवता का प्रभाव मान रहे हैं, जबकि अन्य का कहना है कि जिस स्थान की गाय परिक्रमा कर रही है, वहां प्राचीन काल में कोई मंदिर या धार्मिक स्थल रहा होगा। पशु चिकित्सकों के अनुसार, किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले गाय का चिकित्सीय परीक्षण आवश्यक है। विशेषज्ञों का कहना है कि पशुओं में तंत्रिका तंत्र से जुड़ी बीमारियां, मस्तिष्क में संक्रमण, चोट या कुछ न्यूरोलॉजिकल विकार होने पर वे बार-बार एक ही दिशा में गोल-गोल घूमने लगते हैं। पशु चिकित्सा विज्ञान में इसे “सर्कलिंग बिहेवियर” कहा जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पशुपालन विभाग से मांग की है कि मौके पर पशु चिकित्सकों की एक टीम भेजी जाए। उनका कहना है कि गाय का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाना चाहिए ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी बीमारी का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल, गाय लगातार खेत के चारों ओर चक्कर लगा रही है। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बनी हुई है और लोग इस रहस्यमयी व्यवहार का कारण जानने को उत्सुक हैं।
गाय 48 घंटे से खेत की परिक्रमा कर रही:श्रावस्ती में कौतूहल, देखने के लिए उमड़ी भीड़
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












