Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)सिद्धार्थनगर में मदरसे में छात्र की मौत:पीएम रिपोर्ट में चोट की पुष्टि,...

सिद्धार्थनगर में मदरसे में छात्र की मौत:पीएम रिपोर्ट में चोट की पुष्टि, एक छात्र हिरासत में; मदरसा प्रशासन की भूमिका पर सवाल


ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी स्थित एक मदरसे में छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्र के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मौत की पुष्टि हुई। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग नेपाली छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने मदरसा प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। तुलसियापुर गांव निवासी अनीसुर रहमान (12) पुत्र गुलाम मुर्तजा अपने जुड़वां भाई महमूद के साथ बढ़नी नगर पंचायत के पश्चिम पोखरा मोहल्ले स्थित जामिया अहले सुन्नत इसातुल इस्लाम मदरसे में हाफिजा (कक्षा छह) की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को मदरसे के कुछ शिक्षक छात्र का शव उसके घर लेकर पहुंचे और परिजनों को बताया कि उसकी तबीयत अचानक खराब होने से मौत हो गई।
परिजनों को शिक्षकों की बात पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मंगलवार देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा, जहां परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला और गंभीर हो गया। रिपोर्ट में छात्र की मौत का कारण शरीर पर लगी चोट बताया गया है। इसके आधार पर पुलिस ने मदरसे में पढ़ने वाले एक नेपाली छात्र को हिरासत में लिया है। पुलिस अन्य छात्रों और शिक्षकों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। बुधवार को क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी और ढेबरुआ थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने मदरसे का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्रों से गहन पूछताछ की गई। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में गहरा मातम पसरा हुआ है। परिजन पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।ढेबरुआ थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण चोट आया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments