गुवाहाटी। गुवाहाटी उच्च न्यायालय आज कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की जमानत याचिका पर अपना फैसला सुनाएगा। यह फैसला न्यायाधीश पार्थिवज्योति सैकिया की अदालत में सुनाया जाएगा। उच्च न्यायालय ने 21 अप्रैल को जमानत याचिका पर सुनवाई की थी।
सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायमूर्ति पार्थिवज्योति सैकिया की पीठ ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। यह मामला मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के खिलाफ पवन खेड़ा के आरोपों से जुड़ा है। खेड़ा ने पहले आरोप लगाया था कि रिंकी भुइयां सरमा का व्योमिंग स्थित एक अमेरिकी कंपनी से संबंध है। उन्होंने मुख्यमंत्री सरमा और उनके परिवार से जुड़ी बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं का दावा किया था। इन आरोपों में बड़ी रकम और कई पासपोर्ट होने के दावे शामिल हैं, जिन्हें असम के मुख्यमंत्री ने पूरी तरह से खारिज किया है।












