शान्तिपूर्वक ढंग से त्योहार मनाने हेतु किया अपील
श्रावस्ती। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने मोहर्रम त्यौहार के दृष्टिगत भिनगा नगर के अन्तर्गत नई बाजार एवं पुरानी बाजार होते हुए श्री अलक्षेन्द्र इण्टर कालेज के मैदान तक पुलिस फोर्स के जवानों के साथ फ्लैगमार्च किया तथा लोगों से शान्तिपूर्वक ढंग से त्योहार मनाने हेतु अपील किया। इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लगे मेले का भी निरीक्षण किया तथा शांन्ति व्यवस्था बनाये रखने हेतु ड्यूटी पर लगे अधिकारियों व पुलिस कर्मियों को निर्देशित भी किया।
जिलाधिकारी ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया तथा आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील किया। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की यदि किसी प्रकार अशंका हो तो तत्काल अपने क्षेत्र के थानाध्यक्ष व उप जिला मजिस्ट्रेट को सूचित करेें। अमन-चैन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शान्ति व्यवस्था में विघ्न उत्पन्न करने वालों पर पुलिस द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है तथा ऐसे लोगों पर पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही भी सुनिश्चित की जायेगी। सोशल मीडिया पर भी निगरानी की जा रही है। यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा कोई ऐसी पोस्ट जिससे शान्ति एवं सौहार्द बिगड़ने की आशंका हो, पोस्ट की जाती है तो उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए जेल भेजा जायेगा।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी भिनगा आशीष भारद्वाज, पुलिस क्षेत्राधिकारी भिनगा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा डा0 अनीता शुक्ला सहित पुलिस फोर्स के जवान मौजूद रहे।












