HomeHealth & Fitnessगंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को लेकर डीएम ने की समीक्षा...

गंगा स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शाम 4:30 बजे जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला वृक्षारोपण समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में गंगा एवं अन्य नदियों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आगामी वृक्षारोपण अभियान को लेकर व्यापक चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने जनपद में गंगा एवं अन्य नदियों की स्वच्छता बनाए रखने के लिए संबंधित विभागों को प्रभावी और समन्वित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि नदियों में गंदे पानी और अपशिष्ट के प्रवाह को हर हाल में रोका जाए तथा घाटों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान संचालित करने पर भी जोर दिया।

पर्यावरण समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने वायु प्रदूषण के मानकों का पालन न करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाए और चालानों की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाए, ताकि प्रदूषण नियंत्रण के प्रयास प्रभावी साबित हों।

बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में शत-प्रतिशत बारकोड प्रणाली लागू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारकोड आधारित व्यवस्था के माध्यम से ही अस्पतालों से निकलने वाले बायो मेडिकल वेस्ट का सुरक्षित निस्तारण कराया जाए। अस्पतालों, क्लीनिकों और अन्य स्वास्थ्य संस्थानों से निकलने वाले अपशिष्ट का पृथक्करण, संग्रहण और सुरक्षित निस्तारण नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

जिला वृक्षारोपण समिति की समीक्षा में जिलाधिकारी ने आगामी वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से कहा कि उपलब्ध भूमि एवं उपयुक्त स्थलों का चयन कर शीघ्र सूची उपलब्ध कराई जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप व्यापक और प्रभावी वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा सके। साथ ही लगाए जाने वाले पौधों की सुरक्षा और नियमित देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी बल दिया। बैठक में डीएफओ जय सिंह कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments