श्रावस्ती जनपद के इकौना थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मोहनीपुर के मजरा जमुनहा और लोनियन पुरवा में पिछले पांच वर्षों से नाली क्षतिग्रस्त है। इस कारण ग्रामीणों को गंभीर जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि अयोध्या प्रसाद यादव के घर से सतगुरु यादव के खेत तक की नाली पूरी तरह टूटी हुई है। इसके चलते बिना बरसात के भी पानी भरा रहता है और जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह बाधित हो गई है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जलभराव के कारण आवागमन में भारी दिक्कत होती है, जिससे गंदगी और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। अयोध्या प्रसाद यादव, ननके चौहान, सतगुरु यादव, बाबू यादव, रामकला, उत्तम यादव और विजय कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नाली की मरम्मत कर उचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में प्रधान प्रतिनिधि दिलीप कुमार यादव से बात की गई। उन्होंने बताया कि उन्हें समस्या की जानकारी है और इसका समाधान बहुत जल्द कर दिया जाएगा।
इकौना में पांच साल से नाली टूटी:मोहनीपुर के जमुनहा-लोनियन पुरवा में जलभराव से ग्रामीण परेशान
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












