इकौना विकास खंड स्थित नगर पंचायत इकौना इन दिनों भीषण ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहा है। बाजार के प्रमुख केंद्र ‘दिलकश मोबाइल शॉप’ के पास रोजाना घंटों तक लग रहे भारी जाम के कारण स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि बाजार के भीतर चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है, इसके बावजूद नियमों को ताक पर रखकर वाहन अंदर आ रहे हैं। बाजार में इस महाजाम का मुख्य कारण चार पहिया वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग और सड़कों के किनारे ठेलों द्वारा किया गया अवैध अतिक्रमण है। दुकानदार और बाहर से आने वाले लोग अपने वाहन सड़कों पर ही आड़े-तिरछे पार्क कर देते हैं। रही-सही कसर सड़क घेरे खड़े ठेले पूरी कर देते हैं, जिससे पूरी सड़क संकरी गली में तब्दील हो जाती है। स्कूली बच्चे और बुजुर्ग हो रहे चोटिल, एम्बुलेंस भी फंस रही इस अव्यवस्था का खामियाजा रोजाना इकौना बाजार आने-जाने वाले आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। जाम के झाम और धक्का-मुक्की के कारण कई बार स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हल्की-फुल्की चोटें भी आ चुकी हैं। सबसे गंभीर स्थिति आपातकालीन सेवाओं की है; जाम की वजह से मरीजों को ले जाने वाली एम्बुलेंस भी बाजार के अंदर घंटों फंसी रहती है, जिससे किसी दिन बड़ा हादसा होने का डर बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने लगाई गुहार, कहा- ‘प्रशासन दिखाए सख्ती’ नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ती देख अब क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और समाजसेवियों का गुस्सा फूट पड़ा है। क्षेत्रीय लोगों ने शासन-प्रशासन से इस गंभीर समस्या से निजात दिलाने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। विजय कुमार (किसान यूनियन नेता), सोम शर्मा, रक्षा राम और सतीश यादव (युवा समाजसेवी) ने बताया कि बाजार में नो-एंट्री के बावजूद चार पहिया वाहन कैसे घुस रहे हैं, यह जांच का विषय है। प्रशासन को अतिक्रमणकारियों और अवैध पार्किंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
इकौना में नो-एंट्री में घुस रहे चार पहिया वाहन:ठेलों के अतिक्रमण से रोजाना लग रहा घंटों जाम, एम्बुलेंस भी फंस रहीं
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












