सोनवा थाना क्षेत्र के खलीफतपुर गांव में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर से बिजली का पोल टूटकर गिर गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पोल गिरने के बाद हाईटेंशन तार और बिजली का बॉक्स सड़क किनारे लटकने से इलाके में दहशत का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि बिजली पोल पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर जमीन पर गिर गया। इसके साथ ही बिजली का जंक्शन बॉक्स और तार भी नीचे आ गए। सड़क के किनारे खुले और लटकते तार राहगीरों, बच्चों और मवेशियों के लिए खतरा बने हुए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि घटना के करीब सात घंटे बीत जाने के बावजूद बिजली विभाग का कोई कर्मचारी या अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। विभाग को सूचना देने के बाद भी अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तारों में करंट होने की आशंका के कारण लोग भयभीत हैं। वहीं सड़क किनारे गिरे पोल और तारों के कारण आवागमन भी प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए इसे गंभीर लापरवाही बताया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली विभाग तत्काल तकनीकी टीम भेजकर क्षतिग्रस्त पोल को हटाए, लटकते तारों को सुरक्षित करे और नया पोल लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करे, ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। वहीं, जेई विवेक ने बताया कि क्षेत्र में 33 हजार वोल्ट लाइन में फॉल्ट होने के कारण विभागीय कर्मचारी पहले उसे ठीक करने में जुटे हैं। फॉल्ट सही होने के बाद स्टाफ को भेजकर खलीफतपुर गांव में क्षतिग्रस्त कनेक्शन बॉक्स और लाइन की मरम्मत कराई जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से मरम्मत पूरी होने तक बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की जाएगी।
खलीफतपुर में पिकअप की टक्कर से बिजली पोल गिरा:7 घंटे बाद भी नहीं पहुंचा बिजली विभाग, खुले तारों से हादसे का खतरा; ग्रामीणों में आक्रोश
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












