डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के नगर पंचायत भारत भारी क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। नगर पंचायत से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के लोग बिजली संकट से जूझ रहे हैं। स्थानीय निवासियों में पंकज कुमार, मतीबुल्लाह, मो इमरान और सुरेश ने बताया कि पहले क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर थी, लेकिन अब स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उमस भरी गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लो-वोल्टेज के कारण पंखे, कूलर एवं अन्य विद्युत उपकरण भी ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं। उपभोक्ताओं का यह भी आरोप है कि स्थानीय अधिकारी इस गंभीर समस्या के प्रति उदासीन बने हुए हैं। बिजली के बार-बार आने-जाने से लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नागरिकों के अनुसार, आवश्यकता के अनुरूप बिजली नहीं मिल पा रही है और लगातार होने वाले फॉल्ट से समस्या और बढ़ जाती है। लोगों ने यह भी बताया कि कई बार पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रहती है, जिससे उन्हें अंधेरे और गर्मी में रात बितानी पड़ती है। मामूली तकनीकी खराबियों को दूर करने में भी काफी समय लग जाता है, जिससे विभाग के प्रति उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है। इस संबंध में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता संतोष कुमार त्रिपाठी ने जानकारी दी कि लोकल फॉल्ट और लाइन में तकनीकी दिक्कतों के कारण कभी-कभी बिजली आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। विभाग द्वारा फॉल्ट को जल्द से जल्द ठीक कर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाता है।
डुमरियागंज में बिजली आपूर्ति चरमराई:कटौती और लो-वोल्टेज से लोग परेशान, अधिकारी ने दिया समाधान का आश्वासन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












