बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित होने वाले सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापरक निस्तारण किया जाए, ताकि जनता को त्वरित राहत मिल सके।
शनिवार को तहसील धामपुर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई शिकायतकर्ता अपनी समस्या दोबारा प्रस्तुत करता है, तो यह संबंधित विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। ऐसे में सभी अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लें और निर्धारित मानकों के अनुसार उनका निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतकर्ता व स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करें, जिससे शिकायत की वास्तविकता का पता चल सके और उसका प्रभावी समाधान किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि शासन स्तर पर शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की नियमित समीक्षा की जाती है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 183 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा निस्तारण कर दिया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, मुख्य विकास अधिकारी रणविजय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक डीआरडीए दिनकर भारती, उप जिलाधिकारी स्मृति मिश्रा, क्षेत्राधिकारी सिटी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला, तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।












