#बस्ती_न्यूज
बस्ती में विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और कौशल विकास मिशन, बस्ती द्वारा एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 14 जुलाई (मंगलवार) को राजकीय आईटीआई परिसर में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा। इसमें आठवीं से 12वीं पास युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा। जिला सेवायोजन अधिकारी अवधेन्द्र प्रताप वर्मा ने बताया कि मेले में पंजाब की वर्धमान यार्न्स एंड थ्रेड्स लिमिटेड कंपनी मशीन ऑपरेटर तथा पैकिंग/चेकिंग पदों के लिए साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती करेगी। इन पदों के लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं से 12वीं पास निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 15,483 रुपये मासिक वेतन के साथ कर्मचारी भविष्य निधि (पीएफ), ईएसआई, वार्षिक बोनस, ग्रेच्युटी, दुर्घटना बीमा और अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। कंपनी द्वारा साल में एक बार न्यूनतम 32 हजार रुपये का बोनस भी दिया जाएगा। एक वर्ष की सेवा पूरी करने पर 5,000 से 10,000 रुपये तक का ब्याज मुक्त ऋण भी उपलब्ध कराया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों के लिए हॉस्टल की सुविधा भी उपलब्ध होगी, जिसका मासिक किराया 290 रुपये और भोजन शुल्क 2,010 रुपये निर्धारित है। इसके अतिरिक्त, साइन एंड स्टैंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली और लखनऊ में होम केयर एवं हॉस्पिटल से जुड़े पदों पर 13,500 से 18,500 रुपये प्रतिमाह वेतनमान पर भर्ती करेगी। स्थानीय स्तर पर एलआईसी और एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस भी बीमा सलाहकार पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन करेंगी। रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, आधार कार्ड और बैंक खाते का विवरण लेकर पहुंचना होगा। चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। मेले में शामिल होने के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और आने-जाने का यात्रा भत्ता भी देय नहीं होगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में 14 जुलाई को रोजगार मेला:8वीं से 12वीं पास युवाओं को निजी कंपनियों में मिलेगा नौकरी का अवसर
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












