लखनऊ। पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की ओर से 10 जून तक गोरखपुर से लखनऊ के बीच चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनों को चलाने का निर्णय लिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के जनसंपर्क अधिकारी महेश गुप्ता ने बताया कि प्रदेशभर में करीब 28 लाख अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की उम्मीद है। ऐसे में उनकी सुविधा के लिए रविवार से दस जून तक चार परीक्षा स्पेशल ट्रेनों को चलाया जाएगा।
गाड़ी संख्या 05031 गोरखपुर-लखनऊ अनारक्षित परीक्षा स्पेशल गोरखपुर से शाम सात बजे चलकर खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, करनैलगंज, बाराबंकी होते हुए रात 12:20 बजे बादशाहनगर व रात 12:55 बजे लखनऊ जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 05032 लखनऊ-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन लखनऊ जं. से शाम सवा छह बजके चलकर बादशाहनगर से शाम 6:48 बजे होते हुए उपरोक्त स्टेशनों के रास्ते गोरखपुर रात 11:55 बजे पहुंचेगी।
इसी क्रम में गाड़ी संख्या 05005 गोरखपुर-लखनऊ अनारक्षित परीक्षा विशेष गोरखपुर से दोपहर 1:30 बजे चलकर खलीलाबाद, बस्ती, बभनान, मनकापुर, गोंडा, करनैलगंज, बाराबंकी होते हुए बादशाहनगर शाम 5:42 बजे व लखनऊ जंक्शन शाम सवा छह बजे पहुंचेगी।
वापसी में 05006 लखनऊ-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष लखनऊ जंक्शन से दोपहर डेढ़ बजे चलकर बादशाहनगर दोपहर 1:52 बजे होते हुए उपरोक्त स्टेशनों के रास्ते गुजरते हुए गोरखपुर शाम 6:50 बजे पहुंचेगी। परीक्षा स्पेशल ट्रेनों में जनरल के दस कोच लगाए जाएंगे।












